बहराइच। 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बहराइच-। की सीमा चौकी रुपैडिहा की बीआईटी तथा एएचटीयू टीम के द्वारा चेकिंग और पूछताछ के दौरान 01 नेपाली नाबालिग लड़की को 02 नेपाली महिला से भारत नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल एवं मानव तस्कर विरोधी टीम के द्वारा बचाया गया।
सशस्त्र सीमा बल की चेक पोस्ट पर शाम को दोनों नेपाली महिला 01 नेपाली नाबालिग के साथ पूछताछ के लिए आई तो वह अपने बारे में सही से जानकारी नही दे पा रही थी। गहनता से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम पता क्रमशः कोपिला नेपाली पुत्री काशीराम सर्की उम्र 29 वर्ष गाँव पालिका बबई वार्ड संख्या 03 जनपद डांग, नेपाल तथा दूसरी महिला ने अपना नाम पता सवित्रा नेपाली पुत्री छोटी लाल सारकी उम्र 28 वर्ष गाँव पालिका बवई वार्ड संख्या 3 डांग, नेपाल बताया। जब नेपाली नाबालिग लड़की से उसका नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम ललिता पहाड़ी पुत्री जीत बहादुर सरकी उम्र 13 वर्ष पता नगर पालिका बागचोर वार्ड संख्या-8 जनपद सल्यान, नेपाल बताया। उक्त महिलाओं से लड़की के बारे में पूछने पर कोपिला नेपाली ने बताया की वह उस लड़की को गोवा लेकर जा रही है और वहाँ पर जिस सेठ के पास वह काम करती है। वहां पर इस लड़की को काम दिलाएगी। इस विषय में लड़की से पूछा गया तो उसने बताया कि मैं इनके साथ गोवा जा रहीं हूँ। मेरे मम्मी पापा वहीं रहते हैं। लड़की के माता पिता के विषय में पता किया गया तो पता चला कि उसके माता पिता नेपाल में ही मौजूद हैं और उनको लड़की के विषय में कोई जानकारी नहीं है कि वह अन्य महिलाओं के साथ भारत में गोवा जा रही है। मामला मानव तस्करी का प्रतीत होने पर दोनों महिलाओं और नाबालिग़ लड़की को नेपाल पुलिस की उपस्थिति में नेपाल(शांति पुनर्रस्थापना गृह) को अग्रिम कार्यवाही हेतु सुपुर्द कर दिया गया।